
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण एवं राहत किट वितरण — जसनगर।



निघासन विधानसभा क्षेत्र के जसनगर में मोहाना नदी से हो रहे भीषण कटान एवं बाढ़ की स्थिति का मौके पर पहुंचकर जिलाधिकारी श्री अंजनी कुमार सिंह जी, उपजिलाधिकारी निघासन श्री यदुवीर सिंह जी तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मुआयना किया। इस दौरान बाढ़ एवं नदी कटान से प्रभावित ग्रामीणों की स्थिति को करीब से जाना तथा प्रभावित क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
बाढ़ के कारण विस्थापित हुए परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के क्रम में झण्डी क्षेत्र में पहुंचकर प्रभावित परिवारों के बीच राहत किट का वितरण किया गया। साथ ही खैरटिया के नया पिंड गाँव में भी बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच राहत किट वितरित की गई।
इस दौरान बाढ़ एवं नदी कटान से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और उनके सामने उत्पन्न आवास, भोजन तथा अन्य बुनियादी आवश्यकताओं से जुड़ी परिस्थितियों को समझा गया। प्रशासन से आग्रह किया गया कि जिन ग्रामवासियों ने बाढ़ एवं कटान के कारण अपने घर और भूमि खोई है, उनके लिए शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर आवास, भोजन तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाना केवल तत्काल सहायता का विषय नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी निरंतर ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्यवाही और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
